देश के 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

HIGHLIGHTS
- 13 से 14 सितंबर के बीच यूपी में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
- बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
- उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
नई दिल्ली। मौसम विभाग (IMD) ने 13 सितंबर को देश के 25 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। उत्तर राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके चलते मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की सक्रियता के कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश के साथ आंधी-तूफान का दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत 25 से ज्यादा राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में हल्की से मध्यम बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, 13 से 14 सितंबर के बीच आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 15 से 17 सितंबर के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं 8 नदियां
बिहार में 13 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
राज्य में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत के आसार
राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रह सकता है। 13 और 14 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
बारिश के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। यहां मध्यम से भारी बारिश के साथ आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में बारिश का प्रभाव तुलनात्मक रूप से कम रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट
पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के साथ विदर्भ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
मध्य प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भी आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.