यूपी में बन रहे आधुनिक हथियार, ट्रेड शो में एके-203 राइफल से ब्रह्मोस मिसाइल तक प्रदर्शित

HIGHLIGHTS
- यूपीआईटीएस के चौथे संस्करण का आयोजन ग्रेटर नोएडा में हो रहा है।
- डिफेंस पवेलियन में कई तरह के रक्षा उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
- एके-203 असॉल्ट राइफल अमेठी में रूस के सहयोग से तैयार हो रही है।
परंपरागत हुनर के लिए मशहूर उत्तर प्रदेश अब आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों के निर्माण में भी अपनी पहचान बना रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चौथे संस्करण में शुक्रवार को प्रदेश की बदलती तस्वीर देखने को मिली।
डिफेंस पवेलियन में अमेठी में तैयार की जा रही एके-203 राइफल, लखनऊ में निर्माणाधीन ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक पिस्टल और बुलेट प्रूफ जैकेट सहित कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए। विदेशी खरीदारों और मेहमानों के लिए ये उत्पाद खास आकर्षण का केंद्र रहे। ट्रेड शो का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
रूस के सहयोग से अमेठी में तैयार हो रही एके-203 असॉल्ट राइफल यूपी डिफेंस कॉरिडोर की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। दूसरी ओर, लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस की इकाई के माध्यम से प्रदेश मिसाइल निर्माण के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। इस तरह एक ही प्रदेश में असॉल्ट राइफल से लेकर सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल तक के उत्पादन का आधार तैयार हो रहा है।
डिफेंस पवेलियन में इन उत्पादों की मौजूदगी ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता में आए बदलाव को प्रमुखता से सामने रखा। यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में ब्रह्मोस एयरोस्पेस, भारत डायनेमिक्स लिमिटेड, अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस समेत कई कंपनियां निवेश कर रही हैं।
कानपुर में अडानी डिफेंस की गोला-बारूद निर्माण इकाई और लखनऊ में ब्रह्मोस की परियोजना इस इकोसिस्टम के अहम हिस्से हैं। ट्रेड शो में प्रदर्शित पिस्टल और बुलेट प्रूफ जैकेट से यह भी सामने आया कि यूपी का डिफेंस इकोसिस्टम केवल बड़े हथियारों तक सीमित नहीं है।
व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, छोटे हथियार, रक्षा कंपोनेंट और हाईटेक उपकरण तैयार करने वाली कंपनियों के लिए भी उत्तर प्रदेश में बाजार और उत्पादन का आधार विकसित हो रहा है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को लखनऊ, कानपुर, झांसी, अलीगढ़, आगरा और चित्रकूट में विकसित किया जा रहा है।
नोएडा की नियारा ट्राइब को मिल रही वैश्विक पहचान
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में गौतमबुद्ध नगर की नियारा ट्राइब का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसकी फाउंडर निहारिका प्रथम हैं। हॉल एच 14 के स्टॉल 03/40 पर उनका कलेक्शन प्रदर्शित किया गया है।
निहारिका ने बताया कि उनका ब्रांड भारत की पारंपरिक विरासत को आधुनिक डिजाइन के साथ दुनिया तक पहुंचाता है। स्टॉल पर हाथ से बने ट्राइबल हार, चोकर, झुमके और लेदर बैग मौजूद हैं। सभी प्रोडक्ट लिमिटेड एडिशन और हैंडक्राफ्टेड हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रेड शो के माध्यम से उन्हें विदेशी खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिला है और महिला उद्यमियों को भी बड़ा मंच मिला है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.