मुंबई: दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, तीन एसी कोचों के शीशे चटके; यात्रियों में मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- ट्रेन नागपुर से मुंबई की ओर जा रही थी।
- पथराव बोरखेड़ी स्टेशन के पास किया गया।
- ट्रेन नंबर 12290 दुरंतो एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया।
मुंबई। महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों को निशाना बनाए जाने का एक और मामला सामने आया है। नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन नंबर 12290 दुरंतो एक्सप्रेस पर शुक्रवार रात करीब 8:27 बजे बोरखेड़ी स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने पथराव किया।
अचानक हुए इस हमले में ट्रेन के तीन एसी कोच A-1, B-2 और B-5 की खिड़कियों के शीशे चटक गए। घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, पथराव में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
सुरक्षा खिड़कियों की वजह से पत्थर कोच के अंदर नहीं पहुंच सके और यात्री सुरक्षित रहे। इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। ट्रेन में तैनात एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने भी बाहर से पत्थर फेंके जाने की पुष्टि की।
आरपीएफ-जीआरपी ने चलाया तलाशी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत केस दर्ज किया है। इसके बाद बोरखेड़ी-सिंधी सेक्शन के आसपास के गांवों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।
संयुक्त सुरक्षाबल की टीम ने बोरखेड़ी और सिंधी के बीच किलोमीटर 803 से किलोमीटर 796 तक रेलवे ट्रैक के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने आसपास स्थित बोरखेड़ी और ब्राह्मणी गांवों का भी दौरा किया।
टीम ने स्थानीय पुलिस पाटिल और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि, शुरुआती तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति या ठोस सुराग नहीं मिला। अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि ट्रेन पर पथराव किस स्थान से किया गया था।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 सितंबर को तड़के 02:55 बजे रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 325/2026 दर्ज किया गया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिसके बाद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.