मुजफ्फरनगर: भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। भारतीय मजदूर संघ ने गुरुवार को जिले के श्रमिकों, संविदा कर्मियों और असंगठित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा। संगठन ने मांग की है कि जनपद में ईएसआई अस्पताल की स्थापना की जाए और कर्मचारियों से जुड़ी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।
ज्ञापन में विशेष रूप से आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन, सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।

ईएसआई अस्पताल की लंबे समय से मांग
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुज़फ्फरनगर जैसे बड़े औद्योगिक जिले में ईएसआई अस्पताल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी ने ज्ञापन में उठाई गई मांगों को उचित स्तर पर भेजकर समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदेश स्तर पर एक साथ ज्ञापन अभियान
उत्तर प्रदेश स्तर के पदाधिकारी केके शर्मा ने बताया कि यह ज्ञापन अभियान पूरे प्रदेश में एक साथ जिला मुख्यालयों पर चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी, आउटसोर्स और संविदा कर्मियों को न तो पर्याप्त वेतन मिल रहा है और न ही उन्हें उचित सामाजिक सुरक्षा या बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से इन मुद्दों को उठा रहा है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिल पाया है।

आंदोलन की चेतावनी
केके शर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय मजदूर संघ प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संगठन हजारों कर्मचारियों के साथ लखनऊ में घेराव भी कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.