मुजफ्फरनगर: बसों में जेब काटने वाले गैंग का पर्दाफाश, मुठभेड़ के बाद 8 आरोपी दबोचे

मुजफ्फरनगर: बस यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मीरापुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद इस गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
एसपी देहात महादिक अक्षय संजय ने बताया कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुतुबपुर झाल के पास सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस के नजदीक कुछ संदिग्ध लोग किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि बाकी को तलाशी अभियान चलाकर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ (मेरठ) और साजिद (हापुड़) घायल हैं। इनके अलावा इकरामुद्दीन (मेरठ), मुजाहिद, शादाब, अकील अहमद और जीशान (बिजनौर) तथा राशिद (दिल्ली) को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरोह का एक सदस्य राकेश वर्मा फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कई जिंदा और खोखा कारतूस तथा छह चाकू बरामद किए गए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बसों में सफर कर रहे यात्रियों की जेब काटकर नकदी और आभूषण चोरी करता था।
चोरी का सामान बिजनौर के एक सुनार, राकेश वर्मा, को बेच दिया जाता था और रकम को आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। घायल आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं, जबकि अन्य के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.