मुजफ्फरनगर में ऑपरेशन चक्रवात के तहत पूर्व अपराधियों की परेड, पुलिस ने दिलाई शपथ

HIGHLIGHTS
- शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
- अभियान के तहत नगर जोन के सभी थानों में सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।
- पुलिस संबंधित लोगों की मौजूदा गतिविधियों और जरूरी जानकारियां जुटा रही है।
मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाने में शनिवार को पहले आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की परेड कराई गई। दोपहर करीब एक बजे एसपी सिटी अमृत जैन ने उनसे बातचीत की और अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की हिदायत दी।
इस दौरान सभी लोगों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने, कानून का पालन करने और एक अच्छा नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। यह कार्रवाई पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रवात’ के तहत की गई।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन और एसपी सिटी अमृत जैन के नेतृत्व में नगर जोन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना, अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।
सभी थानों में पूर्व में संलिप्त लोगों का सत्यापन
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि अभियान के तहत नगर जोन के सभी थानों में पहले आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को बुलाकर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस उनकी मौजूदा गतिविधियों और अन्य जरूरी जानकारियां जुटा रही है।
इसके अलावा उनसे डोजियर भरवाए जा रहे हैं और एक व्यवस्थित डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, ताकि उनकी गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सके।
अपराध और नशे से दूर रहने की हिदायत
सिविल लाइन थाने में एसपी सिटी अमृत जैन ने लोगों को अपराध से दूरी बनाए रखने और नशे का सेवन नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने पुराने अपराधों या उनकी पैरवी के सिलसिले में भी कोई नया अपराध नहीं करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों। साथ ही अपने आचरण में सुधार लाने और समाज में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.