मुजफ्फरनगर: भगत सिंह रोड पर ही लगेगा दीपावली बाजार, तीन दिन से चल रहा विवाद खत्म

HIGHLIGHTS
- भगत सिंह रोड पर दीपावली बाजार लगाने को लेकर तीन दिन से विवाद चल रहा था।
- प्रशासन ने दुकानदारों को टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए थे।
- दुकानदारों ने टाउन हॉल में कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई थी।
मुजफ्फरनगर। शहर के भगत सिंह रोड पर दीपावली बाजार लगाने को लेकर प्रशासन और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के बीच पिछले तीन दिनों से चला आ रहा विवाद गुरुवार शाम समाप्त हो गया। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान बाजार पहुंचे। दोनों नेताओं ने दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से वार्ता के बाद मामले का समाधान कराया। इसके बाद भगत सिंह रोड पर ही पटरी बाजार लगाने पर सहमति बन गई।
दरअसल, प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भगत सिंह रोड के बीचोंबीच बाजार लगाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बजाय दुकानदारों को शिव चौक से करीब 400 मीटर आगे स्थित टाउन हॉल मैदान में दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन के इस फैसले से नाराज रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने विरोध करते हुए हंगामा किया था।
दुकानदारों ने टाउन हॉल में बाजार लगाने का किया था विरोध
दुकानदारों का कहना था कि भगत सिंह रोड पर ही ग्राहक दीपावली की खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में यदि बाजार टाउन हॉल मैदान में लगाया गया तो उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। कई दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने दुकान लगाने के लिए ठिए खरीदने में 20-20 हजार रुपये तक खर्च किए हैं।
दुकानदारों के मुताबिक, पहले दीपावली बाजार आठ दिनों तक लगता था, लेकिन इस बार दुकानें लगाने के लिए उनके पास महज तीन दिन का समय बचा है।
प्रशासन ने 100 रुपये शुल्क लेकर शुरू किया था रजिस्ट्रेशन
दुकानदारों के हंगामे की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट दीपक पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन की ओर से टाउन हॉल मैदान में दुकानें आवंटित करने के लिए 100 रुपये शुल्क लेकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी।
कपिलदेव अग्रवाल और संजीव बालियान के हस्तक्षेप से निकला समाधान
गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर उनकी परेशानी जानी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता की और विवाद का समाधान कराया।
दोनों नेताओं के हस्तक्षेप के बाद भगत सिंह रोड पर ही दीपावली बाजार लगाने पर सहमति बन गई। अब बाजार पहले की तरह इसी सड़क पर लगेगा। हालांकि, इस बार दीपावली बाजार आठ दिनों के बजाय केवल तीन दिन तक ही आयोजित होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.