बिहार की सियासत में अक्षरा सिंह की एंट्री के संकेत? सम्राट चौधरी और अनंत सिंह से की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- अक्षरा सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात।
- पिता के साथ लोक सेवक आवास पहुंचीं भोजपुरी अभिनेत्री।
- मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं।
पटना। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह की हालिया राजनीतिक मुलाकातों ने बिहार के सियासी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है।
गुरुवार को अक्षरा सिंह अपने पिता के साथ पटना स्थित लोक सेवक आवास पहुंचीं। यहां उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों पक्षों की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गईं। तस्वीरें सामने आने के बाद अक्षरा सिंह के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि प्रसिद्ध कलाकार एवं गायिका अक्षरा सिंह ने उनसे भेंट की। दूसरी ओर, अक्षरा सिंह ने भी मुलाकात की तस्वीरें अपने प्रशंसकों के साथ साझा कीं।
अनंत सिंह से मुलाकात ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चाएं
अक्षरा सिंह ने मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट बताया है। हालांकि, सीएम सम्राट चौधरी से मिलने के बाद वह मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से भी मुलाकात करने पहुंचीं। उनकी इस दूसरी मुलाकात के बाद बिहार के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
फिलहाल अक्षरा सिंह की ओर से किसी भी राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, बीजेपी की तरफ से भी इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पहले भी राजनीतिक हस्तियों के साथ जुड़ चुका है नाम
अक्षरा सिंह की राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर इससे पहले भी चर्चाएं हो चुकी हैं। नवंबर 2023 में वह प्रशांत किशोर के 'जन सुराज' अभियान के मंच पर नजर आई थीं।
उस समय अक्षरा सिंह ने साफ किया था कि उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी की सदस्यता नहीं ली है। उन्होंने बताया था कि वह केवल सामाजिक बदलाव की मुहिम से जुड़ी हैं।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत सत्ताधारी दल के प्रमुख नेताओं और बाहुबली छवि वाले नेताओं के साथ उनकी मुलाकातों ने एक बार फिर उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलों को हवा दे दी है। ऐसे में यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले समय में अक्षरा सिंह बिहार की चुनावी राजनीति में कोई औपचारिक भूमिका निभा सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.