मुजफ्फरनगर: बारिश ने दी गर्मी से राहत, जलभराव ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

मुजफ्फरनगर। जिले में गुरुवार रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी, लेकिन इसके साथ ही शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रुक-रुककर हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा।

लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों, कॉलोनियों और गलियों में पानी भर गया। कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। कुछ स्थानों पर वाहन बीच रास्ते में फंस गए, जबकि दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखने को मिला। खेतों में पानी भर गया और कई संपर्क मार्गों पर कीचड़ की स्थिति बन गई। सुबह कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान शहर में अलग-अलग नजारे भी देखने को मिले। कहीं लोग छाता लेकर निकलते नजर आए तो कहीं लोग दुकानों और शेड के नीचे बारिश रुकने का इंतजार करते दिखे। वहीं बच्चे और युवा बारिश की फुहारों का आनंद लेते भी दिखाई दिए।

मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। जहां पिछले दिनों गर्मी 40 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रही थी, वहीं शुक्रवार को तापमान गिरकर करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक आ गया।
सबसे बड़ा बदलाव वायु गुणवत्ता (AQI) में देखने को मिला। गुरुवार को जहां AQI 242 दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार सुबह यह घटकर 55 पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में लगभग 187 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। इससे हवा की गुणवत्ता “खराब” श्रेणी से सुधरकर “संतोषजनक” स्तर पर आ गई। हवा की रफ्तार भी करीब 21 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।
हालांकि मौसम की इस राहत के बीच जलभराव ने नगर व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.