मुजफ्फरनगर: कॉलेज जा रही छात्रा का युवक ने किया पीछा, धक्का देने और थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- छात्रा के पीछे कुछ अन्य छात्राएं भी मौजूद थीं।
- काली शर्ट पहने युवक ने छात्रा का पीछा करना शुरू किया।
- घटना से जुड़े 13 और 39 सेकेंड के दो वीडियो सामने आए।
मुजफ्फरनगर। कॉलेज जा रही एक छात्रा से युवक द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने छात्रा को धक्का देने के बाद थप्पड़ भी मारा। शुक्रवार दोपहर घटना से जुड़े दो वीडियो सामने आए। पहले वीडियो में युवक छात्रा का पीछा करते और उसे धक्का देते नजर आ रहा है। छात्रा उससे बचने की कोशिश करती दिखाई देती है, लेकिन युवक उसका पीछा करता रहता है।
दूसरे वीडियो में छात्रा युवक को अपने पास आने से रोकती नजर आ रही है। इसी दौरान युवक उसका हाथ पकड़कर उसे थप्पड़ मार देता है। इसके बाद दोनों गली से चले जाते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। मामला बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र का है।
कॉलेज जाते समय छात्रा का पीछा करने का आरोप
गुरुवार सुबह छात्रा कॉलेज जा रही थी। उसके पीछे कुछ अन्य छात्राएं भी थीं। सुबह करीब 8 बजे बुढ़ाना कस्बे के छोटे बाजार में पहुंचने पर काली शर्ट पहने एक युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और उसे धक्का दिया। घटना के दो वीडियो सामने आए हैं।
13 सेकेंड के वीडियो में धक्का देते दिखा युवक
पहले 13 सेकेंड के वीडियो में गली के बाईं ओर एक दुकान के बाहर सफेद कुर्ता-पायजामा और जैकेट पहने बुजुर्ग दुकानदार से बातचीत या लेनदेन करते दिखाई दे रहे हैं। दुकान के बाहर सामान से भरे गत्ते के डिब्बे रखे हैं। इसी दौरान गली के पीछे से स्कूल यूनिफॉर्म पहने कुछ छात्राएं आती नजर आती हैं।
उनके आगे एक युवक और उसके आगे एक छात्रा चल रही है। दोनों तेजी से गली पार कर दाईं ओर मुड़ जाते हैं। इसके बाद बंद दुकान और ठेले के पास रुक जाते हैं। पीछे से आ रही अन्य छात्राएं गली में आगे बढ़ती रहती हैं। इसी दौरान युवक छात्रा को धक्का देता नजर आता है।
39 सेकेंड के वीडियो में छात्रा को थप्पड़ मारने का आरोप
दूसरे 39 सेकेंड के वीडियो में गली में काली टी-शर्ट पहने एक युवक और स्कूल ड्रेस में बैकपैक लिए एक छात्रा दिखाई दे रही है। पास में एक मोटरसाइकिल खड़ी है। दोनों दीवार के पास पहुंचकर रुक जाते हैं।
इसी दौरान दोनों के बीच बहस होती है। छात्रा युवक को रोकने की कोशिश करती दिखाई देती है, लेकिन युवक उसका हाथ पकड़कर उसे थप्पड़ मार देता है। इसके बाद दोनों पैदल वहां से चले जाते हैं।
पुलिस वीडियो के आधार पर कर रही पहचान
कस्बा इंचार्ज ललित कसाना ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिली है। 2 अक्टूबर होने के कारण आज स्कूल बंद है, इसलिए शुक्रवार को जानकारी नहीं मिल पाई। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.