नैनीताल-भवाली रोड पर दरकी पहाड़ी, सड़क पर गिरे विशाल बोल्डर; बाल-बाल बचे वाहन

HIGHLIGHTS
- सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की टीम ने बुलडोजर से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा चालू कराया।
- पाइंस क्षेत्र की यही पहाड़ी चार साल पहले भी दरक चुकी है और अब भी हादसों का खतरा बना हुआ है।
नैनीताल। बारिश के दौरान भवाली-नैनीताल मार्ग पर पाइंस क्षेत्र में चट्टान दरकने से सड़क पर मलबा और बड़े बोल्डर आ गए। हालांकि राहत की बात रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
सड़क के ऊपर स्थित खड़ी चट्टान आवाजाही करने वाले लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर भवाली-नैनीताल रोड पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही चल रही थी। इसी दौरान बारिश के बीच पाइंस क्षेत्र में पहाड़ी का एक हिस्सा टूट गया और मलबा व बोल्डर सड़क पर गिर गए।
इस दौरान सड़क से गुजर रहे वाहन बाल-बाल बच गए। बोल्डर और मलबा जमा होने के कारण मार्ग पर यातायात रुक गया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बुलडोजर की मदद से सड़क पर गिरे बोल्डर और मलबे को हटाया गया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका।
पाइंस क्षेत्र में पहले भी हो चुकी है पहाड़ी दरकने की घटना
पाइंस क्षेत्र की जिस पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ है, वह चार साल पहले भी बुरी तरह दरक चुकी थी। उस समय भी सड़क पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा था।
लोनिवि ने पहाड़ी को काटकर सड़क का निर्माण कर दिया था, लेकिन सड़क की ओर झुका पहाड़ी का हिस्सा अब भी खतरा बना हुआ है। हल्की बारिश में भी पहाड़ी से पत्थर टूटकर सड़क पर गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.