रांची में पानी टंकी का पुराना टावर गिरा, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत

HIGHLIGHTS
- घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला स्कूल परिसर में हुई
- नई पानी टंकी के लिए पुराने ढांचे को हटाने का काम चल रहा था
- हादसे के समय मौके पर कुल पांच मजदूर मौजूद थे
झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम पुराने पानी टंकी के टावर को गिराने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टावर अचानक ढह गया और मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा शाम करीब छह बजे कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला स्कूल परिसर में हुआ। यहां नई पानी टंकी बनाने के लिए पुराने ढांचे को तोड़ने का काम चल रहा था।
हादसे के समय मौके पर मौजूद थे पांच मजदूर
अधिकारियों के मुताबिक, पुराने टावर को गिराने के दौरान मौके पर कुल पांच मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान टावर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे दो मजदूर मलबे में दब गए। वहीं, तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाव अभियान के दौरान मिला दूसरा शव
एएसपी निखिल राय ने बताया कि हादसे में दो मजदूरों की मौत हुई है। टावर गिरने के बाद एक मजदूर का शव मलबे से तुरंत बरामद कर लिया गया था, जबकि दूसरा मजदूर मलबे के नीचे फंस गया था। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया गया।
एनडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। रांची स्थित 9वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट मोहम्मद सलीम रईम ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने बचाव अभियान शुरू किया और मलबे में फंसे मजदूर की तलाश की।
कमांडेंट ने बताया, "हादसे के वक्त यहां पांच लोग थे। इनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया। एक शव जिला प्रशासन ने पहले ही बरामद कर लिया था, जबकि दूसरा शव अब बरामद कर लिया गया है। शव को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।"
हादसे की वजह की जांच शुरू
हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुराने पानी टंकी के टावर को गिराने के दौरान ढांचा अचानक क्यों ढह गया, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.