ओवैसी का विपक्ष पर हमला, बोले- यूपी में मुसलमानों की बड़ी राजनीतिक पार्टी नहीं चाहते विपक्षी दल

HIGHLIGHTS
- असदुद्दीन ओवैसी रविवार को बहराइच पहुंचे।
- वह श्रावस्ती में प्रस्तावित जनसभा में शामिल होने जा रहे थे।
- दोपहर करीब दो बजे ओवैसी एक होटल पहुंचे।
बहराइच। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुसलमानों की भागीदारी के मुद्दे पर रविवार को विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी, पर निशाना साधा। श्रावस्ती में जनसभा में शामिल होने जाते समय दोपहर करीब दो बजे बहराइच पहुंचे ओवैसी ने एक होटल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
ओवैसी ने कहा कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में मुसलमानों की कोई बड़ी राजनीतिक पार्टी मजबूत हो और उनकी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़े। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की राजनीति में मुसलमानों की भूमिका को केवल वोट देने तक सीमित रखने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने तंज करते हुए कहा, “अब्दुल सिर्फ दरी बिछाए, भइया का जिंदाबाद करे, उन्हें वोट दे और फिर अपने घर चला जाए।”
एआईएमआईएम अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा है, मस्जिदें गिराई जा रही हैं और समुदाय के साथ जुल्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में मुसलमानों को अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए आवाज उठानी होगी।
होटल में बड़ी संख्या में एआईएमआईएम कार्यकर्ता मौजूद थे। करीब 30 मिनट तक कार्यकर्ताओं के बीच रहने के बाद ओवैसी श्रावस्ती के लिए रवाना हो गए, जहां रविवार को उनकी जनसभा प्रस्तावित थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.