पंचकूला स्कूल हिंसा मामला: 40 घंटे बाद बच्ची को आया होश, दो शिक्षिकाएं सस्पेंड

HIGHLIGHTS
- चंडीगढ़ पीजीआई में छह वर्षीय बच्ची का इलाज जारी, हालत में सुधार।
- शिक्षा विभाग ने केजी और तीसरी कक्षा की इंचार्ज शिक्षिकाओं को किया सस्पेंड।
- स्कूल प्रिंसिपल और दोनों अध्यापिकाओं के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR।
पंचकूला। पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित गवर्नमेंट संस्कृति मॉडल स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा घायल की गई केजी की छह वर्षीय बच्ची को करीब 40 घंटे बाद होश आ गया है। बच्ची का इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में जारी है।
इस मामले में शिक्षा विभाग ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए केजी और तीसरी कक्षा की इंचार्ज अध्यापिकाओं को निलंबित कर दिया। निलंबित शिक्षिकाओं में केजी इंचार्ज सिमरनजीत और तीसरी कक्षा की इंचार्ज पूजा शामिल हैं। शुरुआती जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल और दोनों कक्षाओं की इंचार्ज अध्यापिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
हालांकि, स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ अभी शिक्षा विभाग की ओर से कोई विभागीय कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र को मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की आदत है। वह फोन और टीवी पर किस तरह के गेम खेलता था और कौन से वीडियो देखता था, इसकी जांच की जा रही है।
पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आरोपी छात्र की सोमवार को पीजीआई में दोबारा मेंटल मैपिंग कराई जाएगी।
डॉक्टरों के अनुसार, घायल बच्ची की हालत में सुधार हो रहा है, हालांकि वह बार-बार बेहोश हो रही है। उधर, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कूल के बाहर बच्चों के अभिभावकों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.