जम्मू-कश्मीर राज्य दर्जा बहाली पर सियासत तेज, NC के प्रदर्शन को BJP ने बताया दिखावा

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर का राज्य दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर 20 जुलाई को दिल्ली में NC का प्रदर्शन प्रस्तावित।
- BJP ने NC के आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बताते हुए सरकार की उपलब्धियों का हवाला दिया।
- NC ने 52 संगठनों के नेताओं को प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता भेजा है।
जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के प्रस्तावित प्रदर्शन पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर निशाना साधा है।
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने राज्य का दर्जा वापस देने की मांग को लेकर देशभर के 52 राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के नेताओं को प्रदर्शन में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है। पार्टी की ओर से बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष सत शर्मा को भी कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है।
बीजेपी के जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुग ने NC के इस कदम को लेकर कहा कि यह जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने की कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनाव के दौरान किए गए कई वादों को पूरा नहीं किया है और अब राजनीतिक मुद्दों के जरिए ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रही है।
तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में शांति, विकास, पर्यटन और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल इस विकास प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी NC के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि बीजेपी इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लेगी।
सुनील शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का फैसला संसद के जरिए ही संभव है, न कि किसी प्रदर्शन के माध्यम से। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर को दोबारा पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग उठाने की तैयारी में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.