गर्भवती महिला को मृत समझकर 275 KM दूर ले गए, पहाड़ी पर जिंदा जलाया; 4 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- महिला की पहचान 31 वर्षीय पिंकी हनुमंत कटका के रूप में हुई।
- महिला गर्भवती थी और विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट हुई।
- मारपीट के बाद महिला बेहोश हो गई थी।
मुंबई। महाराष्ट्र के धुले जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां आपसी विवाद के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट की गई। मारपीट में महिला बेहोश हो गई। आरोपियों ने उसे मृत समझ लिया और सबूत मिटाने के लिए कार से सुनसान पहाड़ी इलाके में ले जाकर जला दिया।
करीब 11 घंटे की सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्ध वाहन का पता लगाया। जांच में वाहन की लोकेशन अहिल्यानगर जिले के जामखेड़ क्षेत्र में स्थित सप्तसुर सांस्कृतिक कला केंद्र तक पहुंची।
जांच के दौरान सामने आया कि बीड जिले के पास स्थित इस सांस्कृतिक केंद्र में हुए आंतरिक विवाद के बाद 31 वर्षीय गर्भवती महिला पिंकी हनुमंत कटका पर हमला किया गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को लगा कि मारपीट के दौरान बेहोश होने के बाद महिला की मौत हो गई है। इसके बाद उन्होंने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
आरोपियों ने महिला को मृत समझकर उसे कार में डाला और साक्ष्य मिटाने के इरादे से करीब 275 किलोमीटर दूर धुले-सोलापुर हाईवे के पास सुनसान पहाड़ी इलाके में ले गए। वहां महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.