मुंबई में दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने पर चलेगा BMC का बुलडोजर, मुसाफिरखाना गिराने की तैयारी

HIGHLIGHTS
- मुंबई के भिंडी बाजार स्थित हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना के शेष हिस्सों को गिराने की तैयारी है।
- यह इमारत कभी दाऊद इब्राहिम और उसके परिवार का ठिकाना रही थी।
- BMC ने 16 नवंबर को नया ध्वस्तीकरण नोटिस जारी किया।
मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन और भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़े मुंबई के भिंडी बाजार स्थित 'हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना' के शेष हिस्सों को गिराने की तैयारी बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने कर ली है। कभी यह इमारत दाऊद का पारिवारिक घर होने के साथ-साथ उसके आपराधिक नेटवर्क का प्रमुख ठिकाना भी रही थी।
BMC की कार्रवाई से पहले ही इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। स्थानीय निवासियों के साथ कांग्रेस और AIMIM के नेताओं ने इस जगह को वक्फ बोर्ड की मस्जिद बताते हुए ध्वस्तीकरण का विरोध किया है। उन्होंने बुलडोजर की कार्रवाई रुकवाने के लिए अदालत जाने की बात भी कही है।
16 नवंबर को जारी किया गया नया नोटिस
नगर निगम ने 16 नवंबर को ध्वस्तीकरण को लेकर नया नोटिस जारी किया। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर बने 'प्रार्थना स्थल' (प्रेयर हॉल) का उपयोग करने वाले लोगों से दूसरी जगह जाने को कहा गया है। निगम का उद्देश्य सड़क चौड़ीकरण के काम के लिए इस खतरनाक ढांचे को हटाना है।
दाऊद इब्राहिम से जुड़े इस भवन के बचे हुए हिस्सों को गिराने की तैयारी के बाद विवाद बढ़ गया है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए BMC को इस संबंध में बैठकें भी करनी पड़ीं।
विपक्ष का आरोप- 140 साल पुरानी मस्जिद पर गैरकानूनी कार्रवाई
ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद जगह को नगर निगम की ओर से 'प्रार्थना स्थल' बताए जाने पर विपक्षी दलों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है।
AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल के स्टे ऑर्डर के बावजूद नोटिस जारी करना पूरी तरह गैरकानूनी है। उनका दावा है कि यह 140 साल पुरानी मस्जिद है और केवल मस्जिद होने के कारण इसे निशाना नहीं बनाया जा सकता। पठान ने अपना कानूनी पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय मांगा है।
वहीं, कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने BMC और एक ट्रस्ट पर मिलकर इस ढांचे को गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और वक्फ ट्रिब्यूनल के रोक संबंधी आदेशों के बावजूद बिना 7 या 15 दिन का उचित नोटिस दिए एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामला अभी वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है।
इसी इमारत में रची गई थी 1993 के मुंबई धमाकों की साजिश
भिंडी बाजार की यह इमारत 1980 के दशक तक दाऊद इब्राहिम और उसके गिरोह के शुरुआती ठिकानों में शामिल थी। इसका इस्तेमाल तस्करी के सामान को छिपाने के लिए भी किया जाता था।
1986 में भारत से फरार होने से पहले दाऊद अपने परिवार के साथ इसी मुसाफिरखाना की दूसरी मंजिल पर रहता था। इसी इमारत में उसका निजी कमरा और दफ्तर था, जहां 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों की साजिश रची गई थी।
दाऊद के देश छोड़ने के बाद उसकी मां अमीना बी इसी जगह पर रहती थीं। बाद के वर्षों में उसके भाई इकबाल कासकर द्वारा भी इस इमारत का इस्तेमाल किए जाने की खबरें सामने आई थीं।
2020 से चल रही है इमारत को गिराने की प्रक्रिया
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर कभी 32 दुकानें थीं, जबकि ऊपरी मंजिलों पर 19 आवासीय फ्लैट बने हुए थे।
अगस्त 2020 में बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद इमारत को 'C-1' श्रेणी में रखा गया था। इस श्रेणी का मतलब बेहद जर्जर और खतरनाक इमारत से है। इसके बाद BMC ने इमारत खाली कराकर ऊपरी मंजिलों के कुछ हिस्सों को गिरा दिया था।
दाऊद के इस्तेमाल में रहने वाले पहली और दूसरी मंजिल के मुख्य कमरे पहले ही तोड़े जा चुके हैं। अब वहां ग्राउंड फ्लोर का विवादित हिस्सा और पहली मंजिल के लगभग 10 कमरे ही शेष हैं।
गौरतलब है कि 1993 के मुंबई धमाकों के बाद सरकार ने 'सफेमा' (SAFEMA) कानून के तहत दाऊद के परिवार की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी।
दाऊद की मां अमीना बी और बहन हसीना पारकर ने इस कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि, 20 अप्रैल 2018 को शीर्ष अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी और सरकार को मुंबई स्थित संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.