पुणे एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, फुल इमरजेंसी घोषित

HIGHLIGHTS
- गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 में रविवार सुबह तकनीकी खराबी आई।
- टेक-ऑफ के बाद विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया।
- विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे।
पुणे। गुवाहाटी के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 में रविवार सुबह तकनीकी खराबी सामने आई। इसके बाद पुणे एयरपोर्ट पर 'फुल इमरजेंसी' घोषित कर दी गई।
विमान के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को जानकारी दी कि टेक-ऑफ के बाद विमान का लैंडिंग गियर (पहियों वाला हिस्सा) अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। इस फ्लाइट में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित कुल 192 लोग सवार थे।
पुणे एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
पुणे एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष धोके ने बताया, 'भारतीय वायु सेना (IAF) ने फुल इमरजेंसी घोषित की। इसके बाद सभी जरूरी आपातकालीन प्रोटोकॉल तत्काल लागू कर दिए गए। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के लिए फायर सर्विस, एम्बुलेंस सहित अन्य इमरजेंसी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया।'
सावधानी के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि बाहर से लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके। इसके बाद रविवार सुबह करीब 9 बजे विमान ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
अधिकारी के अनुसार, 'लैंडिंग के बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल वाहनों और दो एम्बुलेंस की सहायता से विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया। विमान की सुरक्षित और सामान्य स्थिति की पुष्टि होने के बाद ATC ने सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी। इसके बाद एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।'
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने आगे बताया, 'विमान में मौजूद सभी 192 लोग, जिनमें यात्री और क्रू सदस्य शामिल हैं, सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रभावित यात्रियों को आगे गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो बेंगलुरु से पुणे तक एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर रहा है।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.