गन्ने के दाम से लेकर बिजली के तारों तक... मुजफ्फरनगर में 23 मांगों को लेकर सैकड़ों किसानों का प्रदर्शन

HIGHLIGHTS
- नावला स्थित मां कामाख्या मंदिर के सामने जुटे किसान
- पिछले डेढ़ महीने से प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे किसान
- गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के नावला स्थित मां कामाख्या मंदिर के सामने अपनी 23 सूत्रीय मांगों को लेकर सैकड़ों किसान एकत्र हुए। किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके लिए उन्होंने पिछले डेढ़ महीने से तैयारी की थी और 24 अगस्त की तारीख तय की थी।
किसान नेता विनीत त्यागी ने बताया कि उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी दिया था। उन्होंने कहा कि उनकी सभी मांगें किसान हित से जुड़ी हैं। अगर उनकी एक भी मांग गलत साबित होती है तो वे माफी मांगने या कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं। त्यागी ने सरकार पर किसानों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का मूल्य बढ़ाना शामिल है। विनीत त्यागी ने सवाल उठाया कि जब चीनी 35 से 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है तो गन्ने की कीमत अभी भी 4 रुपये प्रति किलो है। उन्होंने खेतों के ऊपर लटक रही बिजली की तारों को भूमिगत करने की मांग भी की। किसानों का कहना है कि उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
प्रदर्शन स्थल पर एसडीएम खतौली, सीओ रूपाली राव और खतौली थाना प्रभारी विपिन त्यागी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने किसानों को रोकने और समझाने का काफी प्रयास किया। पुलिस ने करीब एक घंटे तक किसानों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने।
इसके बाद किसानों ने प्रशासन की बात नहीं मानी और अपनी मांगों को लेकर जिले की ओर कूच कर दिया। विनीत त्यागी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे नवरात्रों के दौरान लखनऊ के लिए कूच करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपना ज्ञापन केवल जिलाधिकारी को देंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.