लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों रायबरेली के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण देखा होगा। वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं, लेकिन बाद में बाहर मछली की दावत उड़ाते हैं। जो खाना था, वह अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते। सीएम ने इसे कांग्रेस का दोहरा आचरण बताते हुए कहा कि इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है।
सीएम योगी ने आगे कहा कि बेशर्मी की भी एक सीमा होती है। ये राम-राम चिल्लाते हैं। मंदिर जाने के लिए किसने कहा था, जो खाना था बाहर खा लेते, अयोध्या के बाहर। उन्होंने कहा कि इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है। वह भी सोचता होगा कि मनुष्य के रूप में कौन सी ऐसी प्रजाति हो गई है, जो मंदिर में राम-राम चिल्ला रही है और बजरंग बली के सामने दंडवत होने का ढोंग कर रही है, लेकिन बाहर जाकर मछली की दावत उड़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पुराने इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या एक माफिया ने की थी। यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने नहीं गया, बल्कि उसके सामने घुटने टेककर नतमस्तक हो गया था।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद उस माफिया की भूंसी निकाल दी गई, वरना इन लोगों ने उत्तर प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया था।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.