यूपी में अगले 4-5 दिन बारिश का दौर जारी रहने की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सक्रिय दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में रविवार को कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बाराबंकी में सर्वाधिक 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सुल्तानपुर में 35.3 मिमी, गोंडा में 31.5 मिमी, अयोध्या और हरदोई में 22.2 मिमी तथा बरेली में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दिनभर चली ठंडी हवाओं ने धूप की तीव्रता को कम कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना है। सोमवार को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
प्रदेश में तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। गोरखपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.9 डिग्री कम रहा, जबकि बलिया में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। उरई में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हरदोई में 16 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश, आंधी और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि 4 से 7 मई के बीच 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल एक सप्ताह तक लू चलने की संभावना नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.