राजस्थान: मेमू ट्रेन के बेपटरी होने से मचा हड़कंप, वैकल्पिक मार्ग से भेजी गई सुपरफास्ट एक्सप्रेस

HIGHLIGHTS
- हादसा खेरली स्टेशन से करीब साढ़े तीन किलोमीटर पहले हुआ।
- भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
- मोती का नंगला गांव के ग्रामीणों ने यात्रियों को पानी पिलाया।
खेरली। ईदगाह आगरा से बांदीकुई जा रही मेमू ट्रेन मंगलवार को खेरली रेलवे स्टेशन के पास बेपटरी हो गई। स्टेशन से करीब साढ़े तीन किलोमीटर पहले फाटक संख्या 66 और 67 के बीच ट्रेन की दूसरी बोगी के दो पहिये पटरी से उतर गए। अचानक तेज झटका लगने और जोरदार आवाज से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।
ट्रेन के गार्ड मनोज कुमार यादव ने बताया कि ट्रेन आगरा से सुबह 8:50 बजे रवाना हुई थी। सुबह करीब 11:20 बजे खंभा नंबर 96/8 के सामने बोगी संख्या 228236/C के दो पहिये पटरी से नीचे उतर गए।
हादसे के कारण रेल यातायात प्रभावित
मेमू ट्रेन के बेपटरी होने से भरतपुर-बांदीकुई रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रभावित ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने की व्यवस्था की।
गाड़ी संख्या 12548 गांधीधाम-आगरा छावनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को खेड़ली रेलवे स्टेशन से वापस बांदीकुई भेजा गया। इसके बाद ट्रेन को बांदीकुई से अलवर और मथुरा के रास्ते आगरा भेजने का प्रबंध किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ रेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रेन के चालक अमरनाथ चौबे से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने यात्रियों को पानी पिलाकर की मदद
दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी के बीच ट्रेन में फंसे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान रेलवे लाइन के पास स्थित मोती का नंगला गांव के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए।
ग्रामीण महेंद्र मीणा, गोपाल मीना और फूलसिंह मीना अपने घरों से पानी लाकर यात्रियों को पिलाने लगे। कुछ समय बाद रेलवे प्रशासन की ओर से भी यात्रियों को पानी की बोतलें वितरित की जाने लगीं। दोपहर करीब 1 बजे घटनास्थल पर एम्बुलेंस भी पहुंच गई।
रेलवे लाइन शिफ्टिंग के दौरान हुआ हादसा
क्षेत्र में नदबई से खेरली के बीच रेलवे लाइन शिफ्टिंग का काम चल रहा है। इसी कार्य के दौरान ट्रेन बेपटरी हुई, हालांकि हादसे के स्पष्ट कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्री जगदीश ने बताया कि वह भरतपुर से बांदीकुई जा रहे थे। बांदीकुई से शाम 4 बजे पोरबंदर जाने के लिए उनका आरक्षण था, लेकिन ट्रेन के बेपटरी होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.