अनूपपुर में युवक का तांडव, मां-नाना-नानी और बहन की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घटना अनूपपुर के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को हुई।
- आरोपी करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ नाना-नानी के घर आया था।
- शुक्रवार को आरोपी की सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से मारपीट हुई थी।
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। थाना करन पठार की सरई चौकी क्षेत्र में एक युवक ने लाठी-डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना-नानी और मां की बेटी की हत्या कर दी।
इस घटना में कुल चार लोगों की मौत की सूचना है। वहीं, कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
एक सप्ताह पहले नाना-नानी के घर आया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मरदरी निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद क्षेत्र के ग्राम अमोदा बिजौरा में अपने नाना-नानी के घर आया था। शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसकी सनी धाम के पंडा गंगा सिंह से मारपीट हो गई।
इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। बताया जा रहा है कि बेटे को परेशानी में देखकर उसकी मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया।
रस्सी से खुलते ही परिवार पर किया हमला
रस्सी से आजाद होने के बाद आरोपी ने सबसे पहले अपनी मां पर हमला किया। इसके बाद उसने नाना संपत और नानी भन्नी पर भी लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत होने की सूचना है।
इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया। हमले में पांच वर्षीय मोनका सिंह की भी मौत हो गई, जबकि बहन भारती और चंचल घायल हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं, सनी धाम के पंडा गंगा सिंह का भी उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही अनूपपुर एसपी समेत पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर उमरिया और अनूपपुर दोनों जिलों की पुलिस मौजूद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पहले भी मां से मारपीट की बात सामने आई
स्थानीय जानकारी के अनुसार, आरोपी करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ ग्राम अमोदा बिजौरा में अपने नाना-नानी के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी उसने अपने गांव मरदरी में अपनी मां के साथ मारपीट की थी। इस मामले में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी ग्राम मरदरी का उपसरपंच भी बताया जा रहा है। वहीं, उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारण और मृतकों व घायलों की आधिकारिक जानकारी पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.