कराची में फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा रहमान डकैत का बेटा, अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

कराची के कुख्यात ल्यारी इलाके से जुड़े अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का नाम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। गैंगस्टर रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। कराची पुलिस के अनुसार जिब्रान पहले भी कई आपराधिक मामलों में पकड़ा जा चुका है और लंबे समय से अपराध की दुनिया से जुड़ा रहा है।
कलाकोट थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष अभियान के तहत जिब्रान को इलाके से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक गैरकानूनी पिस्तौल बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिब्रान पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं और वह आदतन अपराधियों की सूची में शामिल है।
ड्रग तस्करी और अपहरण से जुड़ चुका है नाम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 2023 और 2024 के दौरान जिब्रान के खिलाफ कलाकोट थाने में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। जांच में सामने आया है कि वह नशीले पदार्थों की तस्करी और फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पुलिस को यह भी संदेह है कि वह ल्यारी इलाके में अपना खुद का आपराधिक गिरोह खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
रहमान डकैत की विरासत बना अपराध
रहमान डकैत कभी कराची के सबसे खौफनाक गैंग लीडरों में गिना जाता था। उस पर 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे और वह ल्यारी गैंग वॉर का प्रमुख चेहरा रहा। वर्ष 2009 में कराची पुलिस ने मुठभेड़ में उसे और उसके तीन साथियों को मार गिराया था। इसके बाद भी उसके परिवार से जुड़े कई लोग अपराध की राह पर चलते रहे। बीते वर्ष उसके एक अन्य बेटे की भी कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.