आगरा MLC चुनाव में सपा-भाजपा की जीत, आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार मारी बाजी

HIGHLIGHTS
- शिक्षक सीट के विजेता डॉ. आकाश अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने प्रमाणपत्र सौंपा।
- मतों के अंतिम आधिकारिक आंकड़े तत्काल जारी नहीं किए गए।
- जीत के बाद आकाश अग्रवाल को पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना स्थल से बाहर ले जाया गया।
आगरा। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव में आगरा से समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों के लिए जीत की खबर सामने आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की, जबकि आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी ने सपा उम्मीदवार शशांक यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत की घोषणा के बाद बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर नरेंद्र प्रताप ने डॉ. आकाश अग्रवाल को प्रमाणपत्र सौंपा। हालांकि, प्रशासन की ओर से मतों के अंतिम आधिकारिक आंकड़े तत्काल जारी नहीं किए गए। प्रमाणपत्र मिलने के बाद आकाश अग्रवाल मीडिया से बातचीत भी नहीं कर सके। उन्हें पुलिस सुरक्षा में मतगणना स्थल के पिछले गेट से बाहर ले जाया गया। इस दौरान उनके समर्थकों की बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद रही।
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी की सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, स्नातकों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों का समर्थन भाजपा को मिला, जिसके चलते पार्टी जीत हासिल करने में सफल रही।
मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने रोजगार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और एक जिला, एक उत्पाद जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सैफई और रामपुर का सिंडिकेट नौकरियों पर डाका डालता था। उनके मुताबिक, अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जा रही है और अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं।
शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई मतगणना
आगरा के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार मतगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक निर्वाचन क्षेत्र में विजेता घोषित किया जा चुका था, जबकि दूसरे में अंतिम मतगणना की प्रक्रिया जारी थी।
उन्होंने कहा कि पूरी गणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, दोनों विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा मुहैया कराई गई है। शहर में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू होने के कारण विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्याशियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
मतगणना स्थल के अंदर हुआ था हंगामा
रात में मतगणना के दौरान हुए हंगामे को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक कुमार ने कहा कि संबंधित प्रक्रिया मतगणना स्थल के अंदर हुई थी और बाहर किसी तरह की घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को अब तक किसी की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
पुलिस कमिश्नर ने मतगणना में तैनात पुलिसकर्मियों, मतदानकर्मियों और पत्रकारों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतपत्रों के जरिए होने वाली मतगणना की प्रक्रिया लंबी होती है और पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से लगातार ड्यूटी पर तैनात रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.