सूर्या हत्याकांड में बड़ा खुलासा: अब्बू के कहने पर असद ने की हत्या

गाजियाबाद के चर्चित सूर्या हत्याकांड की जांच में नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी असद के पिता नबाव की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के अनुसार हत्या की साजिश झगड़े के बाद रची गई थी।
पुलिस के मुताबिक 28 मई को बाइक चलाने को लेकर सूर्या और असद के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पूछताछ में आरोपी फरहान ने बताया कि असद ने घर पहुंचकर झगड़े की जानकारी अपने पिता नबाव और दोस्तों को दी थी। इसके बाद सभी ने मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई।
हत्या के लिए किया गया उकसावा
जांच में सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू फरहान ने असद को उपलब्ध कराया था। वहीं आरोप है कि असद के पिता नबाव ने भी बेटे को भड़काते हुए सूर्या की हत्या करने के लिए उकसाया। इसके बाद सूर्या को बुलाकर उस पर हमला किया गया और असद ने उसके सीने में चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में असद के पिता नबाव, उसके साथी फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ मुख्य आरोपी असद
मुख्य आरोपी असद रविवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सूर्या चौहान की हत्या के बाद पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि असद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने साथियों से मिलने और फरार होने की तैयारी में खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
वसुंधरा क्षेत्र में पुलिस को एक बाइक पर असद अपने साथी के साथ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिसकर्मी भी घायल
मुठभेड़ के दौरान थाना खोड़ा में तैनात एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं असद का साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.