लोनी में BJP की गुटबाजी खुलकर आई सामने, नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन-विरोध में दो महापंचायतें

HIGHLIGHTS
- सिरौली की पंचायत में हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संत-महंत भी शामिल हुए।
- रिस्तल की बैठक में करीब 12 गांवों के लोगों ने नेताओं के साथ कथित अभद्रता का विरोध किया।
- दोनों पक्षों की ओर से पहले भी अलग-अलग जगहों पर पंचायतें आयोजित की जा चुकी हैं।
गाजियाबाद: रेस्तरां गाली कांड के बाद लोनी में भाजपा से जुड़े नेताओं और समर्थकों के बीच चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। रविवार को क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में विधायक नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन और विरोध में दो अलग-अलग महापंचायतें आयोजित की गईं। दोनों पंचायतों में वक्ताओं ने अपने-अपने पक्ष की बात रखते हुए दूसरे गुट पर जमकर निशाना साधा।
सिरौली में विधायक के समर्थन में जुटे 24 गांव
सिरौली गांव में आयोजित हिंदू महापंचायत में करीब 24 गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पंचायत की अध्यक्षता ओमकार त्यागी ने की। मंच पर हिंदू रक्षा दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संत-महंत मौजूद रहे।
महापंचायत में विधायक नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन में एकजुट रहने और उनके साथ लड़ाई लड़ने का फैसला लिया गया। इस दौरान लोनी निवासी हाजी सलमान का भी जिक्र हुआ। वक्ताओं ने उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों और कथित आपराधिक इतिहास को लेकर सवाल उठाए।
रिस्तल में विधायक के विरोध में महापंचायत
वहीं, रिस्तल गांव में भाजपा नेता अनिल कसाना की ओर से विधायक नंदकिशोर गुर्जर के विरोध में महापंचायत बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता राम प्रधान ने की। पंचायत में कोतवालपुर, भूपखेड़ी, जावली, रिस्तल, महमूदपुर, शकलपुर और सीती सहित करीब 12 गांवों के लोग पहुंचे।
पंचायत में वक्ताओं ने नेताओं के साथ कथित अभद्रता की निंदा की और कहा कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही भविष्य में चुनाव के दौरान विधायक का विरोध करने की बात भी कही गई।
पहले भी हो चुकी हैं पंचायतें
रेस्टोरेंट गाली कांड के बाद लोनी में विधायक के समर्थन और विरोध में पंचायत आयोजित होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अलग-अलग स्थानों पर दोनों पक्षों की ओर से पंचायतें की जा चुकी हैं। लगातार हो रही इन पंचायतों के बीच लोनी में भाजपा के अंदर चल रही गुटबाजी और अधिक बढ़ती नजर आ रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.