इंदौर के बाद अब अहमदाबाद में भी दिलजीत के कॉन्सर्ट पर सख्ती, गानों को लेकर जारी हुई चेतावनी

HIGHLIGHTS
- दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने नियमों के पालन पर ध्यान देना शुरू किया।
- डीसीपीओ ने 'पटियाला पेग', '5 तारा ठीके' समेत कुछ गानों पर रोक लगाने की मांग की।
- शिकायत में शराब और नशीले पदार्थों का महिमामंडन करने वाले गानों पर आपत्ति जताई गई।
बीते दिनों मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर आयोजकों के सामने कई शर्तें रखी गई थीं। अब गुजरात के अहमदाबाद में होने वाले उनके आगामी कॉन्सर्ट को लेकर भी प्रशासन नियमों के पालन पर नजर बनाए हुए है।
कुछ खास गाने नहीं गाने की चेतावनी
अहमदाबाद के डीसीपीओ (डिस्ट्रिक्ट चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर) ने अपनी शिकायत में 'पटियाला पेग', '5 तारा ठीके', 'जीब विचो फीम लब्बिया' और 'जट उत्थे फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारा दी' जैसे गानों को गाने पर रोक लगाने की मांग की है। केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान का हवाला देते हुए पत्र में कहा गया है कि शराब और नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने वाले गानों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, भले ही उनके बोलों में बदलाव कर दिया जाए।
इंदौर में भी सिंगर के लिए रखे गए थे यही नियम
रिपोर्ट्स के अनुसार, इंदौर में होने वाले दिलजीत के कॉन्सर्ट के लिए भी आयोजकों के सामने कुछ शर्तें रखी गई थीं। अधिकारियों को कथित तौर पर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे कि दिलजीत ऐसे गाने न गाएं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने कहा, ‘दिलजीत दोसांझ का संगीत कार्यक्रम 15 नवंबर को ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क में होने वाला है। हमें चंडीगढ़ से एक पत्र मिला है जिसमें मादक पदार्थों, नशीले पदार्थों या हथियारों का महिमामंडन करने वाले गीतों के बारे में बताया गया है। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए, हमने आयोजकों को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि ऐसे गाने न गाए जाएं, क्योंकि इनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।’
अदालत के आदेश का किया जा रहा पालन
यह कदम चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवार की शिकायत के बाद उठाया गया है। वह शराब, ड्रग्स और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने वाले गानों पर लगातार आपत्ति जताते रहे हैं।
इसमें पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय की 22 जुलाई, 2019 की टिप्पणी का भी जिक्र किया गया है। अदालत ने बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताते हुए लाइव कार्यक्रमों के दौरान भी शराब, ड्रग्स और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गानों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया था।
इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दिलजीत का बयान
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरें सामने आ रही थीं। इन अफवाहों पर सिंगर ने मंगलवार को इंस्टाग्राम लाइव के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सुरक्षा कारणों से इंदौर में होने वाले अपने आगामी कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरों को खारिज कर दिया।
अपने मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने कहा, ‘15 तारीखों को इंदौर आ रहे हैं, 101 फीसदी आ रहे हैं। सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर फिर चक दे फट्टे। कोई जो मर्जी बोले, मैं 15 तारीखों को जरूर मिलूंगा। आप बस मेरी बात पर विश्वास रखो।’
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.