टेस्ला की गड़बड़ी से 15 लोगों की मौत, एलन मस्क पर सवाल

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला एक बार फिर सुरक्षा के मुद्दों को लेकर सुर्खियों में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि टेस्ला की कुछ इलेक्ट्रिक कारों के दरवाजों की डिजाइन के कारण कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है। एक्सीडेंट के बाद ये दरवाजे काम नहीं कर पाए और लोग कार से बाहर नहीं निकल सके।
रिपोर्ट के अनुसार, 2012 से 2025 तक के डेटा से पता चला है कि टेस्ला की गाड़ियों में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रिक दरवाजों की तकनीक आपातकालीन स्थितियों में घातक साबित हुई। ज्यादातर टेस्ला कारों में दरवाजे खोलने के लिए पारंपरिक तार नहीं, बल्कि 12-वोल्ट बैटरी से चलने वाले इलेक्ट्रिक बटन लगे हैं। गंभीर एक्सीडेंट में अगर बैटरी टूट जाए या डिस्कनेक्ट हो जाए, तो ये बटन और बाहरी हैंडल काम करना बंद कर देते हैं।
ब्लूमबर्ग की जांच की मुख्य बातें
रिपोर्ट में बताया गया कि इन 15 मौतों में कई लोग एक्सीडेंट में बच गए थे, लेकिन कार में आग लगने से बाहर नहीं निकल पाए। मदद के लिए आए लोग भी दरवाजे नहीं खोल पाए। इनमें से आधी से ज्यादा घटनाएं नवंबर 2024 के बाद हुई हैं।
इमरजेंसी में दरवाजा खोलना मुश्किल
टेस्ला कारों में आपातकालीन दरवाजा खोलने का लिवर होता है, लेकिन इसे ढूंढना मुश्किल है। आगे की सीट के पास बटन के पास छोटा लिवर होता है, जिस पर कोई लेबल नहीं होता। मॉडल 3 और मॉडल Y में पीछे का लिवर अक्सर कालीन या सीटों के अंदर छिपा होता है, जिससे धुएं और घबराहट के समय इसे ढूंढना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
कानूनी कार्रवाई और जांच
अमेरिका की नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) ने सितंबर 2025 में मामले की जांच शुरू की। कई परिवारों ने टेस्ला पर मुकदमे भी दायर किए हैं। कैलिफोर्निया में साइबरट्रक की जाम दरवाजों और मजबूत शीशों के कारण तीन छात्रों की मौत भी हुई।
एलन मस्क को पहले से चेतावनी थी
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलन मस्क और टेस्ला के वरिष्ठ अधिकारियों को सालों पहले इस खतरे के बारे में जानकारी दी गई थी। 2017 में इंजीनियरों ने चेतावनी दी थी कि बिजली पर निर्भर ये दरवाजे खतरनाक हो सकते हैं, लेकिन मस्क ने इसे नजरअंदाज कर दिया। उनका फोकस कार के फ्यूचरिस्टिक और स्टाइलिश डिजाइन पर था, सुरक्षा पर नहीं।
टेस्ला का जवाब
टेस्ला ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया, लेकिन कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर नया सेफ्टी पेज जोड़ा है। कंपनी का दावा है कि अब नई कारें एक्सीडेंट के समय अपने आप दरवाजे अनलॉक करेंगी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पुरानी कारों में यह फीचर मिलेगा या बैटरी टूटने की स्थिति में यह सिस्टम काम करेगा या नहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.