टेस्ला ने दिखाई उड़ने वाली कार की झलक, एलन मस्क ने शेयर किया वीडियो

HIGHLIGHTS
- टेस्ला के नए रोडस्टर ने खास रैंप पर हवा में करतब दिखाए।
- कार में स्पेसएक्स के कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
- एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदर्शन का वीडियो साझा किया।
वाशिंगटन। टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति के बीच उड़ने वाली कारों की कल्पना अब हकीकत के करीब पहुंचती दिखाई दे रही है। इसी दिशा में टेस्ला ने अपने नए डिजाइन वाले रोडस्टर का प्रदर्शन किया है। हालांकि, इस तकनीक को आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होने में अभी लंबा समय लग सकता है।
एलन मस्क की फ्लाइंग कार ने दिखाए करतब
15 अक्टूबर को टेक्सस के मैकग्रेगर में आयोजित एक इवेंट के दौरान टेस्ला ने अपने नए डिजाइन वाले रोडस्टर को प्रदर्शित किया। इस प्रदर्शन में कार ने एक खास रैंप पर उल्टी दिशा में चलते हुए हवा में करतब दिखाए। इसके बाद वाहन सुरक्षित रूप से नीचे उतर गया।
इस प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई तकनीक को एलन मस्क की रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स के सहयोग से विकसित किया गया है। मस्क ने इस रोडस्टर का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया।
वीडियो के साथ मस्क ने लिखा, 'लगता है कि भविष्य में सच में उड़ने वाली कारें होंगी।' इस नए रोडस्टर में स्पेसएक्स के विकसित किए गए 'कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स' लगाए गए हैं। ये सिस्टम दबाव वाली गैस की मदद से धक्का पैदा करते हैं, जिससे वाहन को हवा में गति देने में सहायता मिलती है।
2017 में हुई थी अगली पीढ़ी के रोडस्टर की घोषणा
टेस्ला ने अपनी अगली पीढ़ी के रोडस्टर को पहली बार नवंबर 2017 में पेश करने की घोषणा की थी। उस समय इसके उत्पादन को लेकर उम्मीदें थीं कि कार जल्द बाजार में आ जाएगी। हालांकि, परियोजना में लगातार देरी होती रही, जिसके चलते ग्राहकों को इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
स्पेसएक्स के इवेंट में रोडस्टर का प्रदर्शन नियंत्रित परिस्थितियों में किया गया। फिलहाल, ऐसा कोई संकेत नहीं है कि इस कार को सार्वजनिक रूप से हवा में उड़ाने की अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में इसे आम सड़कों पर इस्तेमाल होने वाली उड़ने वाली कार के रूप में देखने के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.