थाई युवती ने कानपुर के युवक पर लगाया 60 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने पकड़ा

HIGHLIGHTS
- 25 वर्षीय थाई युवती ने एडीसीपी पूर्वी के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी।
- युवती के मुताबिक करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती हुई थी।
- युवक का थाईलैंड आना-जाना शुरू होने के बाद दोनों की नजदीकियां बढ़ीं।
कानपुर। थाईलैंड से आई 25 वर्षीय युवती ने अनवरगंज निवासी एक शादीशुदा युवक पर 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मंगलवार को एडीसीपी पूर्वी शिवासिंह के कार्यालय पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने अपनी शादी की बात छिपाकर उससे शादी की और अब रुपये वापस मांगने पर उसे भारत आकर धर्म परिवर्तन करने का दबाव दे रहा है। एडीसीपी के अनुसार, युवती की शिकायत के बाद टीम भेजकर आरोपी को पकड़ लिया गया।
मामला अनवरगंज थाना क्षेत्र का होने के चलते इसे संबंधित थाने भेज दिया गया और जांच की जिम्मेदारी एसीपी अनवरगंज को दी गई है।
थाईलैंड निवासी 25 वर्षीय युवती अपर्सोन ने एडीसीपी को बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती लाटूश रोड निवासी मोहम्मद इरफान से हुई थी। इसके बाद इरफान का थाईलैंड आना-जाना शुरू हुआ, जिससे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं। युवती के अनुसार, इरफान ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का प्रस्ताव रखा।
अपर्सोन का आरोप है कि उस समय इरफान ने उसे यह नहीं बताया था कि वह पहले से शादीशुदा है। करीब डेढ़ वर्ष पहले दोनों ने थाईलैंड की रीति-रिवाज के अनुसार शादी भी कर ली।
युवती ने आरोप लगाया कि शादी के बाद इरफान उससे बिजनेस के नाम पर रुपये मांगने लगा। सात से आठ महीने के भीतर उसने करीब 20 लाख बाहत, यानी लगभग 60 लाख रुपये, उससे ले लिए।
अपर्सोन ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसे जानकारी हुई कि इरफान शादीशुदा है। इसके बाद उसने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए। युवती के मुताबिक, इरफान ने कहा कि वह भारत आकर रहे और उसका धर्म अपनाए, तभी वह उसे पत्नी की तरह रखेगा। इसके बाद ही रुपये वापस करने की बात होगी।
युवती की शिकायत पर मोहम्मद इरफान को पुलिस के सामने लाया गया, लेकिन वह कोई सही जवाब नहीं दे सका। एडीसीपी ने बताया कि शाम को युवती और आरोपी युवक दोनों को अनवरगंज थाने भेज दिया गया और मामले की जांच एसीपी को सौंपी गई है।
एडीसीपी के मुताबिक, जांच के बाद मामले की प्राथमिकी भी अनवरगंज थाने में ही दर्ज की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.