मुजफ्फरनगर: कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में दर्दनाक हादसा, पेपर कटिंग बेल्ट की चपेट में आया युवक

HIGHLIGHTS
- घटना सिखेड़ा थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया की है।
- मृतक की पहचान निराना निवासी गुल सनव्वर के रूप में हुई।
- गुल सनव्वर और उसके पिता करीब डेढ़ महीने पहले फैक्ट्री में काम करने लगे थे।
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में मंगलवार अलसुबह करीब 3 बजे हादसा हो गया। पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से सात बहनों के इकलौते भाई की मौत हो गई। मृतक की पहचान निराना निवासी गुल सनव्वर पुत्र रहसूद्दीन के रूप में हुई है।
बताया गया कि गुल सनव्वर और उसके पिता करीब एक से डेढ़ महीने पहले ही कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में काम करने लगे थे। परिजनों के मुताबिक, सनव्वर दिन की ड्यूटी पूरी करने के बाद ओवरटाइम के चलते फैक्ट्री में रुका हुआ था। इसी दौरान रात करीब 3 बजे पेपर कटिंग की बेल्ट की चपेट में आने से हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
हादसे की सूचना के बाद परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ फैक्ट्री पहुंचे। ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सिखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। विरोध और हंगामा सुबह दिन निकलने तक जारी रहा।
गुल सनव्वर सात बहनों का इकलौता भाई था। करीब डेढ़ महीने पहले पिता के साथ इसी फैक्ट्री में काम शुरू करने वाले सनव्वर की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया।
अभी तक नहीं मिली कोई तहरीर
थाना सिखेड़ा प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.