नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- बस से अचानक धुआं निकलने के बाद आग की लपटें उठने लगीं।
- चालक ने बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को उतारा।
- यात्रियों के बाहर निकलने के बाद आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया।
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम सेक्टर-148 के पास चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। बस में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग लगने के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ। धमाके की आवाज से एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
बस से अचानक निकलने लगा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डबल डेकर बस नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रही थी। सेक्टर-148 के पास परी चौक की तरफ जाने वाले मार्ग पर अचानक बस से धुआं निकलने लगा। इसके कुछ ही देर बाद बस में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
स्थिति को देखते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। सभी यात्रियों के बाहर निकलने के बाद आग ने बस को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
आग के बीच बस में हुआ तेज धमाका
यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद बस में आग तेजी से फैल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक्सप्रेसवे पर खड़ी डबल डेकर बस आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है। वीडियो में बस से उठती तेज लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा है। इसी दौरान बस में तेज धमाका भी होता नजर आता है।
धमाके की आवाज से सहमे वाहन सवार
बस में हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन सवार सहम गए। घटना की सूचना मिलने के बाद नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग लगने के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और जाम खुलवाने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दमकल विभाग की टीम आग बुझाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.