डीजे की आवाज़ कम करने पर बरातियों का हंगामा, घर में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट

बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के गांव सरैरा में शनिवार की रात शादी समारोह के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद बड़ा बवाल बन गया। आरोप है कि डीजे की आवाज कम करने की बात कहने पर कुछ बरातियों ने जमकर हंगामा किया, पथराव किया और एक घर में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट कर दी। इस दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पीड़ित महिला ने बरातियों से अनुरोध किया था कि उसकी तबीयत और उसकी बेटी की बीमारी के चलते डीजे की आवाज कम की जाए। इस बात से नाराज कुछ नशे में धुत बरातियों ने उसके घर पर पथराव कर दिया। पत्थरों की बरसात में घर की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। आरोप है कि कुछ लोग जबरन घर में घुस गए और तोड़फोड़ के साथ नकदी व गहने भी लूट लिए।
घटना की सूचना पर उघैती थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
दूसरे पक्ष का कहना है कि विवाद तब हुआ जब महिला पक्ष ने बरात को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने क्षेत्र में एहतियातन गश्त बढ़ा दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.