यूपी में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन पर हमला, बदमाशों ने घेरकर पीटा

HIGHLIGHTS
- शिवसागर निषाद ने तीन फौजी भाइयों समेत आठ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया।
- धनंजय सिंह ने खेत से रात में फसल चोरी से काटे जाने की शिकायत की।
- दूसरे पक्ष ने झूठे छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया।
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर समसाही गांव में रविवार देर रात जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस मामले में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन और पूर्व प्रधान रामा पासवान ने आरोप लगाया है कि विपक्षी शिवसागर के साथ मारपीट कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और शिवसागर को पीटा। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। रामा पासवान का आरोप है कि असलहा लेकर आए विपक्षियों ने फायरिंग भी की।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से थलसेना में तैनात फौजी सगे भाइयों ने आरोप लगाया है कि उनकी फसल चोरी से काट ली गई। विरोध करने पर उन्हें एससी-एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। मामले की जांच सीओ सिटी गौरव शर्मा कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें गोली चलने जैसी आवाज सुनाई दे रही है।
मलवां थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर समसाही गांव में रविवार रात करीब 11 बजे के बाद जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। शिवसागर निषाद ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के तीन फौजी सगे भाइयों समेत आठ लोगों ने मिलकर पूर्व प्रधान रामा पासवान और उनके साथ आ रहे शिवसागर के साथ मारपीट की। बताया गया कि दोनों दवा न मिलने के बाद घर लौट रहे थे। आरोप है कि शिवसागर को घसीटकर लात-घूंसों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दूसरी ओर, थलसेना में तैनात फौजी धनंजय सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके खेत की फसल रात में चोरी से काट ली जाती है।
ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
धनंजय सिंह का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें झूठे छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है। उनके पास इस संबंध में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
एसओ रमाशंकर सरोज ने बताया कि रायबरेली क्षेत्र में कटरी की जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। मामले की जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, गंगा कटरी क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर लालसिंह और शिवसागर पक्ष के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। शिवसागर की तहरीर पर सीओ सिटी मामले की जांच कर रहे हैं।
एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक ट्रैक्टर दिखाई दे रहा है, जिसमें कुछ लड़के बैठे हैं। फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.