हैदराबाद में अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर करेंगे

HIGHLIGHTS
- हैदराबाद में भाजपा के मार्च में शामिल हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
- राहुल गांधी की दिल्ली रैली को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
- SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।
हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च निकाला जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को हैदराबाद में आयोजित मार्च में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
अमित शाह ने कहा कि आज हैदराबाद की सड़कों पर हजारों लोग मौजूद हैं। इससे पहले रविवार को दिल्ली में भी एक रैली आयोजित की गई थी, जिसमें राहुल गांधी शामिल हुए थे। शाह ने राहुल गांधी की रैली को 'वोट बचाओ' रैली बताने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह वोट बचाने की नहीं, बल्कि घुसपैठियों को बचाने की रैली थी।
भाजपा घुसपैठियों को देश से बाहर निकालकर रहेगी: अमित शाह
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR की प्रक्रिया का विरोध कर बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश की मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जितना विरोध करना है, कर सकती है, लेकिन भाजपा एक-एक घुसपैठिए को मतदाता सूची से हटाने के साथ देश से बाहर निकालकर ही दम लेगी।
फर्जी वोटिंग के जरिए चुनाव जीतना चाहती है कांग्रेस: शाह
वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर विपक्ष के उस दावे पर भी अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। शाह ने कहा कि इनमें से 6.25 करोड़ मतदाता नए पते पर चले गए हैं, करीब 3 करोड़ लोगों की मृत्यु हो चुकी है और लगभग 1 करोड़ डुप्लीकेट एंट्री हैं। वहीं, शेष 3 करोड़ लोग मौजूद ही नहीं हैं और वे बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने चाहिए या नहीं? राहुल गांधी के नाम पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति मौजूद ही नहीं है, तो उसके नाम पर वोट कौन डालने आएगा? शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस फर्जी वोटिंग के सहारे चुनाव जीतना चाहती है।
अमित शाह ने आगे कहा कि 2024 के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, बंगाल और असम में जीत दर्ज की है। अब पार्टी तेलंगाना में भी जीत हासिल करने जा रही है।
राहुल गांधी की मॉक पार्लियामेंट पर अमित शाह का तंज
राहुल गांधी की ओर से आयोजित मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी अमित शाह ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दो दिन पहले मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया था। अगर उनसे सलाह ली गई होती, तो वह कहते कि नकली संसद में कम से कम एक बार प्रधानमंत्री बनकर देख लीजिए।
शाह ने तंज कसते हुए कहा कि असली संसद में तो राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। ऐसे में नकली संसद में प्रधानमंत्री बनने से कम से कम सोनिया गांधी को कुछ संतोष जरूर मिल जाएगा।
देश में रहकर मेहनत करने से ही चुनाव जीत पाएंगे राहुल गांधी: शाह
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि इस तरह चुनाव नहीं जीते जा सकते। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी साल में तीन-चार महीने देश में रहते हैं और फिर विदेश चले जाते हैं।
शाह ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए राहुल गांधी को देश में रहकर मेहनत करनी होगी। उन्हें लोगों के बीच जाकर उनके साथ खड़ा होना होगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करना होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.