सुंदर शाम अरोड़ा के घर दूसरे दिन भी ED की कार्रवाई जारी, 26 घंटे से चल रही जांच

HIGHLIGHTS
- मंगलवार सुबह तक जांच को करीब 26 घंटे हो चुके थे।
- आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
- किसी बाहरी व्यक्ति को घर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
होशियारपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के जोधामल रोड स्थित घर पर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच जारी रही।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे तीन गाड़ियों में ईडी की टीम उनके आवास पर पहुंची थी और घर के अंदर दाखिल हुई थी। इसके बाद से अधिकारी बाहर नहीं आए हैं। मंगलवार सुबह तक करीब 26 घंटे गुजरने के बाद भी जांच जारी रहने से इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
ईडी की कार्रवाई के मद्देनजर आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, अंदर मौजूद लोगों को भी बाहर आने की इजाजत नहीं है। सूत्रों के अनुसार, सुंदर शाम अरोड़ा भी इस दौरान अपने घर के अंदर ही मौजूद हैं।
दस्तावेजों की जांच में जुटी ईडी की टीम
ईडी अधिकारी इतने लंबे समय से किस मामले की जांच कर रहे हैं और किन बिंदुओं पर उनका ध्यान है, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
अधिकारी भी कार्रवाई को लेकर कुछ कहने से बच रहे हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि टीम आवास के अंदर मौजूद अलग-अलग दस्तावेजों की जांच कर रही है।
जांच का दायरा कितना बड़ा है और किन रिकॉर्डों को खंगाला जा रहा है, इसकी जानकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
सभी की नजर ईडी की कार्रवाई पर
सोमवार सुबह शुरू हुई ईडी की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहने से शहर में इसकी चर्चा हो रही है। टीम के लगातार घर के अंदर रहने और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने के कारण इस कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
फिलहाल तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों या किसी अन्य सामग्री के बारे में ईडी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच के संभावित नतीजों को लेकर भी अभी तक कुछ नहीं कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.