इंदौर में पहचान छिपाकर महिला के शोषण का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अलग-अलग इलाकों में किराए के कमरे लेकर उसका शोषण किया।
- शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में आरोपी ने अपनी असली पहचान जुनैद बताई।
- पीड़िता ने पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों में नाम बदलवाने का भी आरोप लगाया है।
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक व्यक्ति पर अपनी पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और कई वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने आरोपी पर अपने चार साल के बेटे के साथ भी अप्राकृतिक कृत्य करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रविवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऑटो चालक ने छिपाई पहचान और धर्म
पुलिस के मुताबिक, मुकेरीपुरा नरसिंह बाजार निवासी 28 वर्षीय महिला की मुलाकात वर्ष 2015 में एक ऑटो चालक से हुई थी। उस समय महिला राजवाड़ा में खरीदारी करने के बाद अन्नपूर्णा क्षेत्र स्थित अपने घर जाने के लिए ऑटो तलाश रही थी। आरोप है कि चालक ने अपना नाम रवि बताया और अपनी असली पहचान व मुस्लिम धर्म छिपाया।
इसके बाद आरोपी महिला के संपर्क में बना रहा और शादी का वादा करके उसका भरोसा जीता। महिला का आरोप है कि आरोपी ने इंदौर के कालानी नगर, चंदन नगर, जूना रिसाला और महावर नगर सहित अलग-अलग इलाकों में किराए पर कमरे लेकर उसका लगातार शारीरिक शोषण किया।
2021 में सामने आई असली पहचान
महिला की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में गर्भवती होने के बाद उसने आरोपी पर शादी करने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका असली नाम रवि नहीं, बल्कि जुनैद है।
महिला ने यह आरोप भी लगाया कि आरोपी ने धोखाधड़ी करके उसके पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों में नाम बदलवा दिए थे, ताकि उसकी असली पहचान सामने न आए।
चार साल के बेटे के साथ गलत हरकत का आरोप
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी जुनैद ने घर पर उसके चार साल के बेटे के साथ गलत कृत्य किया। महिला के अनुसार, बच्चे ने रोते हुए खुद उसे इस घटना की जानकारी दी।
महिला ने आरोपी पर उसके और बच्चे के साथ आए दिन मारपीट करने तथा किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
हिंद रक्षक संगठन की मदद के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत के मुताबिक, परेशान होकर महिला हिंद रक्षक संगठन के संरक्षक एकलव्य गौड़ के पास पहुंची। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात की और महिला को थाने भेजा।
पुलिस ने रविवार रात शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को अदालत में पीड़िता के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.