ऊधमपुर में 100 फीट गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 16 घायल; बच्ची की मौत

HIGHLIGHTS
- बस बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी।
- सुबह करीब 7:30 बजे गुल्ली गला के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
- हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
ऊधमपुर। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में बुधवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लाटी मुख्यालय से पंचौंड होते हुए ऊधमपुर जा रही बस गुल्ली गला इलाके में अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 16 यात्रियों के घायल होने की प्रारंभिक सूचना है। वहीं, एक बच्ची की मौत की भी खबर सामने आई है।
सुबह करीब 7:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बस संख्या जेके02एएल-3477 बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे पंचौंड से ऊधमपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 7:30 बजे गुल्ली गला के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह स्थान लाटी मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर और पंचौंड से लगभग पांच किलोमीटर दूर बताया गया है।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत एवं बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को निजी वाहनों की मदद से उप जिला अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छह घायलों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल रामनगर शिफ्ट किया जा रहा है। अन्य घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
खराब सड़क को हादसे की संभावित वजह बताया
पूर्व सरपंच हंस राज के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर सड़क की हालत काफी खराब है। शुरुआती तौर पर सड़क की खराब स्थिति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्य में जुटे हैं। घायलों की स्थिति और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उपायुक्त से की बात
बस दुर्घटना के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ऊधमपुर के उपायुक्त अनंत द्विवेदी से बातचीत की। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाल लिया गया है।
डॉ. जितेंद्र सिंह के मुताबिक, बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और 9 से 10 घायल यात्रियों को उप जिला अस्पताल रामनगर ले जाया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय तक किसी की मौत की सूचना नहीं मिली थी। प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और उनका कार्यालय भी जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.