गोरखपुर में सपा की प्रेस वार्ता में हंगामा, नेताओं के बीच हुई मारपीट

HIGHLIGHTS
- गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में सपा की प्रेस वार्ता चल रही थी।
- कार्यक्रम के दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद शुरू हुआ।
- अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश भी मौके पर पहुंचे थे।
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में समाजवादी पार्टी की प्रेस वार्ता के दौरान जमकर हंगामा हो गया। पार्टी नेताओं के बीच मारपीट होने से प्रेस क्लब में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सपा नेता अंशुमान सिंह के समर्थकों और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के बीच विवाद शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि विवाद बैठने की व्यवस्था को लेकर हुआ। पहले मामूली कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने की कोशिश की।
हंगामे के चलते प्रेस वार्ता को बीच में ही रोकना पड़ा। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्टी के भीतर के मतभेद सामने आने की बात कही जा रही है।
यह था पूरा मामला
लोकतंत्र बचाओ सप्ताह और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में समाजवादी पार्टी की प्रेस वार्ता आयोजित की गई थी। इसी दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के साथ मारपीट हुई।
प्रेस वार्ता का आयोजन सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम की ओर से किया गया था। कार्यक्रम में सपा महानगर अध्यक्ष सबीर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, काजल निषाद, संजय पहलवान, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री डॉ. मोहसिन, जय प्रकाश यादव, रणजीत पासवान समेत पार्टी के दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठने की जगह को लेकर शुरू हुआ विवाद
इसी दौरान अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश प्रेस क्लब पहुंचे और काजल निषाद के पास बैठने का प्रयास किया। वहां जगह नहीं होने के कारण उनकी पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी से बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान मामला बढ़ गया और दोनों के बीच तीखी कहासुनी होने लगी।
इसके बाद विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और नगीना साहनी के साथ मारपीट हुई। इस दौरान उन्हें थप्पड़ मारे जाने की बात सामने आई। घटना के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी हुआ।
प्रेस वार्ता के बीच बदल गया माहौल
जिस समय सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम लोकतंत्र और वोट बचाने को लेकर मीडिया के सामने अपनी बात रख रहे थे, उसी दौरान प्रेस क्लब के अंदर पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना हो गई। इसके बाद प्रेस वार्ता का राजनीतिक मुद्दा पीछे छूट गया और प्रेस क्लब में हुए थप्पड़ कांड की चर्चा होने लगी।
घटना के बाद सपा जिलाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार गौतम ने इसे निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी जाएगी और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.