मुजफ्फरनगर में रिश्ता टूटने पर बवाल, लाठी-डंडे लेकर महिला के घर पहुंचे युवक, गेट पर हमले का वीडियो आया सामने

HIGHLIGHTS
- सुजड़ू की खालसा पट्टी में बुधवार सुबह हुई घटना।
- युवकों पर लाठी-डंडों से गेट पर वार करने का आरोप।
- रविवार शाम सामने आया घटना का CCTV वीडियो।
मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र के सुजड़ू स्थित खालसा पट्टी में रिश्ता टूटने के विवाद को लेकर कुछ युवकों पर एक महिला के घर के गेट पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगा है। घटना बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे की है। आरोप है कि युवकों ने गेट तोड़ने की कोशिश की, लेकिन महिला ने दरवाजा बंद कर खुद को बचा लिया। घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। रविवार शाम करीब 5 बजे इसका वीडियो सामने आया।
पीड़िता सादिया राणा, पत्नी मुजाहिद, के मुताबिक उनका परिवार दिल्ली में रहता है। घटना वाले दिन उनकी मां एक परिचित की मौत पर मुजफ्फरनगर आई थीं, लेकिन बाद में वापस लौट गईं। उनके पति भी काम पर चले गए थे और सादिया घर में अकेली थीं। इसी दौरान लाठी-डंडे लेकर पहुंचे युवकों ने घर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
सादिया ने खतरा महसूस करते हुए घर का दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद एक युवक ने डंडे से गेट पर लगातार वार किए और उसे तोड़ने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। CCTV फुटेज में गेट पर डंडे से वार करने और लोगों के बीच-बचाव के प्रयास के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
सादिया ने खालापार थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के बजाय उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है।
रिश्ता टूटने के विवाद से जुड़ा मामला
पीड़िता के अनुसार, उनकी बहन का रिश्ता टूटने के बाद उसके भाइयों ने अपना गुस्सा उनके घर पर निकाला। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई किए जाने या लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.