अमेरिका में भारतीय मूल के किशोर पर मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप

HIGHLIGHTS
- 17 वर्षीय अर्जुन अरविंद को रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया
- पुलिस के अनुसार घटना एक्टन स्थित परिवार के घर में हुई
- मृतकों की पहचान 45 वर्षीय सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय सिद्धार्थ अरविंद के रूप में हुई
वॉशिंगटन। अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। घटना शहर के बाहरी इलाके में स्थित उनके घर की बताई गई है।
एक्टन निवासी 17 वर्षीय अर्जुन अरविंद को रातभर चली तलाश के बाद बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया। उस पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप है। इसके अलावा उस पर हत्या के दो मामले, घर या परिवार के सदस्य के साथ मारपीट के दो मामले, मारपीट के दो मामले, बिना अनुमति वाहन चलाने और मोटर वाहन चोरी के आरोप भी लगाए गए हैं।
हत्या के बाद मां की कार लेकर भागने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, एक्टन-बॉक्सबोरो रीजनल हाई स्कूल के छात्र अरविंद ने मंगलवार को अपने घर के अंदर अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया और इसके बाद अपनी मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर वहां से फरार हो गया।
मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस चीफ डगलस स्टर्नियोलो के अनुसार, मंगलवार को बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर एक्टन स्थित परिवार के मार्था लेन वाले घर में दोनों की मौत हुई।
ट्यूटर के पहुंचने पर सामने आई घटना
मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक ट्यूटर तय अपॉइंटमेंट के लिए परिवार के घर पहुंची। जब वह घर के अंदर प्रवेश नहीं कर सकी तो उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। पिता ने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने एक्टन पुलिस विभाग से संपर्क कर परिवार की स्थिति का पता लगाने का अनुरोध किया। अर्जुन के पिता ने अपनी पत्नी को मंगलवार सुबह काम पर जाने से पहले आखिरी बार देखा था, जबकि छोटे बेटे सिद्धार्थ को आखिरी बार दोपहर के आसपास देखा गया था।
मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के अनुसार, पुलिस अधिकारी जब घर पहुंचे तो उन्हें सुधा वेंकटेशन और सिद्धार्थ मृत मिले। वेंकटेशन का शव घर के बेसमेंट में था, जबकि उनके बेटे का शव पहली मंजिल पर मिला।
पुलिस कर रही मामले की जांच
दोनों मृतकों के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। हालांकि, मुख्य मेडिकल एग्जामिनर ने अभी तक मौत की सही वजह और तरीके की जानकारी जारी नहीं की है। हत्या में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
रयान ने बताया कि अरविंद अपनी मां की होंडा एकॉर्ड कार के साथ गायब था। जांचकर्ताओं ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआत में उसका पता नहीं चल सका। बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड में पुलिस को एक पार्किंग लॉट में किसी अन्य मामले से जुड़े अलार्म की सूचना मिली। पुलिस के वहां पहुंचने पर वही कार मिली, जिसमें अरविंद मौजूद था। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
इंटरनेट पर हत्या के तरीके को लेकर सर्च करने का दावा
मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के बयान के अनुसार, बाद की जांच में सामने आया कि अर्जुन हाल के समय में चिंताजनक व्यवहार कर रहा था। बयान में कहा गया कि इसमें इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल कर अपने परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों या ख्यालों के बारे में सर्च करना भी शामिल था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.