फ्लाइट में सोनू निगम को मिला खास सरप्राइज, फैंस ने गुनगुनाए उनके गाने; सिंगर हुए भावुक

HIGHLIGHTS
- सोनू निगम को फ्लाइट में यात्रियों की ओर से खास सरप्राइज मिला।
- शुक्रवार को सिंगर रायपुर से मुंबई की यात्रा कर रहे थे।
- साथ बैठे यात्री सोनू निगम के गाने गुनगुनाने लगे।
नई दिल्ली। मशहूर सिंगर सोनू निगम की आवाज के लाखों प्रशंसक हैं। हाल ही में एक फ्लाइट में इसका खास नजारा देखने को मिला। सफर के दौरान उनके साथ बैठे यात्रियों ने कुछ ऐसा किया, जिसने सिंगर को हैरान करने के साथ भावुक भी कर दिया। यह अनुभव सोनू निगम के लिए यादगार बन गया।
फैंस ने सिंगर को दिया खास सरप्राइज
सोनू निगम शुक्रवार को रायपुर से मुंबई की यात्रा कर रहे थे। इस दौरान उनके आसपास बैठे यात्री उनके गाने गुनगुनाने लगे। देखते ही देखते विमान के अंदर का माहौल संगीतमय हो गया। यात्रियों के इस अंदाज को देखकर सोनू निगम भी भावुक हो गए। उन्होंने इस खास पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद सिंगर ने भी 'मैं हूं ना', 'तुझे लगे ना नजरिया' और 'कल हो ना हो' जैसे गाने सुनाए।
सोनू के सम्मान में अपनी सीटों पर बैठे रहे यात्री
सोनू निगम ने इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके साथ उन्होंने एक खास कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, 'सीट बेल्ट का साइन बंद हो चुका है और फिर भी वे बैठे हुए हैं, इससे साफ पता चलता है कि वह शो टाइम का इंतजार कर रहे हैं। ऐसा प्यार, जो सिर्फ सपनों में होता है। आप सभी का शुक्रिया।’
बेटे निवान को लेकर किया था भावुक पोस्ट
कुछ दिनों पहले सोनू निगम ने अपने बेटे निवान को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने लिखा, ‘एक गोल-मटोल छोटे बच्चे से लेकर फिट और दुबले-पतले युवा बनने तक का उसका सफर शानदार रहा है। कभी वह अपने पिता के सामने गाना गाने में भी बहुत शर्माता था, लेकिन आज वह अपने शानदार वोकल कोच से सीखी गई एक्सरसाइज रोजाना 16 घंटे तक करता है। इतना ही नहीं, वह मशहूर म्यूजिक प्रोड्यूसर पू बेयर के साथ स्टूडियो में एक ही टेक में रिकॉर्डिंग भी कर रहा है। निवान ने हमारे परिवार को बहुत खुश और आभारी महसूस कराया है।’
सोनू निगम का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनू निगम ने फिल्म 'बंटवारा 1947' के गाने 'तब्बसुम' को अपनी आवाज दी है। इस गाने का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
इसके अलावा सोनू निगम ने फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' के गाने 'तुझ में बसी मेरी जान' को भी गाया है। इस गाने को प्रीतम ने कंपोज किया है और इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.