'समय की कसौटी पर खरा उतरा गठबंधन', अकाली दल-BJP के साथ आने पर बोले PM मोदी

HIGHLIGHTS
- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने गठबंधन किया है।
- दोनों पार्टियां करीब छह साल बाद एक बार फिर साथ आई हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अकाली दल की NDA में वापसी पर खुशी जाहिर की।
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एक बार फिर गठबंधन करने का ऐलान किया है। दोनों दलों के साथ आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोपरि है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने यह भी कहा कि यह वापसी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हो रही है।
'समय की कसौटी पर खरा उतरा है अकाली दल-BJP गठबंधन'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि दोनों दलों का गठबंधन स्वाभाविक है। इससे पंजाब को जनहितैषी शासन मिलेगा और राज्य प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल ने अकाली दल-BJP गठबंधन को सींचा था और यह गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनेगा।
छह साल बाद फिर एक साथ आए अकाली दल और बीजेपी
नई दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ सुखबीर सिंह बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान अमित शाह ने बताया कि गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा शिरोमणि अकाली दल से होगा।
अमित शाह ने कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और बड़े भाई के पास ही मुख्यमंत्री पद रहेगा। दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि एनडीए का पुराना साथी एक बार फिर गठबंधन में लौट आया है।
गौरतलब है कि नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए विवाद के बाद शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी का 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर से एक साथ आए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.