बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच खत्म हुआ विवाद, बातचीत के बाद दोनों संतों ने सुलझाया मामला

HIGHLIGHTS
- बाबा रामदेव और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रहा विवाद समाप्त हो गया है।
- दोनों संतों ने आपसी बातचीत के बाद मामले को खत्म करने की घोषणा की।
- बाबा रामदेव ने स्वीकार किया कि आवेश में उन्होंने कुछ कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया था।
योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। दोनों संतों ने आपस में बातचीत कर मामले को सुलझाने का ऐलान किया है। बाबा रामदेव ने माना कि गुस्से में उन्होंने कुछ ज्यादा सख्त शब्दों का इस्तेमाल कर दिया था। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें अपना बड़ा, संरक्षक और पूजनीय बताया।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वह संतों की बातों पर प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। स्वामी रामदेव उनसे वरिष्ठ हैं और हमेशा उन्हें स्नेह देते आए हैं। उन्होंने बाबा रामदेव को अपना अभिभावक बताते हुए कहा कि चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव ने एक मंच से उनकी काफी प्रशंसा की थी। धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, वह आलोचना और प्रशंसा दोनों को सहजता से लेते हैं। संतों के प्रति उनके मन में किसी तरह का अनादर नहीं है।
इस टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था विवाद
दोनों संतों के बीच विवाद की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से हुई थी। उन्होंने भगवान राम से तुलना करते हुए श्रीकृष्ण को 'टेढ़ा-मेढ़ा' कहा था। इस बयान पर स्वामी रामदेव ने सार्वजनिक मंच से नाराजगी जाहिर की थी और धीरेंद्र शास्त्री को 'ढोंगी' तक कह दिया था। इसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो गया था।
सोशल मीडिया पर बाबा रामदेव ने दी विवाद खत्म होने की जानकारी
स्वामी रामदेव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दोनों के बीच विवाद समाप्त होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उनके प्रिय अनुज और पूज्य बागेश्वर बाबा से बातचीत हुई है और अब पूरा विवाद खत्म हो चुका है।
बाबा रामदेव ने स्वीकार किया कि आवेश में आकर उन्होंने कुछ ज्यादा कठोर शब्द कह दिए थे। उन्होंने इसे दोनों के बीच का आपसी मामला बताते हुए अन्य लोगों को इसमें दखल न देने की सलाह दी।
इसके साथ ही उन्होंने अपने और बागेश्वर बाबा के अनुयायियों से अपील की कि वे एक-दूसरे के खिलाफ गाली-गलौज न करें। अपनी पोस्ट में उन्होंने सनातन धर्म की जय का उद्घोष भी किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.