नई दिल्ली। संसद के उच्च सदन राज्यसभा में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' को कानूनी संरक्षण देने से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में 'वंदे मातरम्' के सम्मान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विधेयक पेश किया।
सरकार 'राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026' संसद में ला रही है। इस विधेयक का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के प्रति सम्मान बढ़ाना और इसे कानूनी सुरक्षा प्रदान करना है।
रुकावट डालना या अपमान करना होगा दंडनीय
प्रस्तावित प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति 'वंदे मातरम्' के गायन के दौरान जानबूझकर बाधा उत्पन्न करता है या किसी भी रूप में इसका अपमान करता है, तो इसे कानून के तहत अपराध माना जाएगा।
दोषी पाए जाने पर 3 साल तक की सजा
विधेयक के कानून बनने के बाद 'वंदे मातरम्' का अपमान करने वाले व्यक्ति को दोषी पाए जाने पर अधिकतम 3 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान हो सकता है।
'जन गण मन' के समान मिलेगा कानूनी संरक्षण
इस विधेयक के पारित होने के बाद 'वंदे मातरम्' को कानूनी सुरक्षा और सम्मान के मामले में राष्ट्रगान 'जन गण मन' के बराबर दर्जा मिलने का प्रावधान किया गया है।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.