'गृह मंत्री संसद से क्यों भाग रहे हैं?' राहुल गांधी से खरगे तक ने अमित शाह पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए आरोप
- मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी और अमित शाह से सदन में बयान देने को कहा
- कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने संसद में गतिरोध को लेकर सरकार पर सवाल उठाए
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह मानसून सत्र के दौरान संसद में नहीं आ रहे हैं, क्योंकि वह छात्रों के खिलाफ हुई कथित बर्बरता के जिम्मेदार हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "देश के गृह मंत्री मुंह छुपा रहे हैं क्योंकि वो छात्रों के गुनहगार हैं।" इस दौरान उनके हाथ में कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए एक व्यक्ति की तस्वीर भी दिखाई दी।
विपक्ष लगातार 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कथित कार्रवाई का मुद्दा उठा रहा है।
खरगे ने पीएम और गृह मंत्री से सदन में बयान देने की मांग की
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में आकर बयान देने की मांग की।
खरगे ने कहा, "हमारी मांग है कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सदन में आएं। वे अपना बयान दें, हम चर्चा के लिए तैयार हैं। समाधान चर्चा से ही निकलेगा।"
उन्होंने आगे कहा, "संसद की कार्यवाही शुरू हुए कई दिन हो चुके हैं। उन्हें सदन में आना चाहिए। सदन में नहीं आकर वे संसद का अपमान कर रहे हैं।"
केसी वेणुगोपाल ने भी सरकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे जनहित के मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती।
उन्होंने सवाल किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद में आने से क्यों बच रहे हैं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान वेणुगोपाल ने कहा, "गृह मंत्री संसद से क्यों भाग रहे हैं?"
उन्होंने कहा कि संसद में जारी गतिरोध को खत्म करने का समाधान सरकार को ही निकालना होगा।
विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
विपक्षी सांसदों ने बुधवार को भी प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कथित कार्रवाई और बिहार में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा।
इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रेरणा स्थल स्थित गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकाला।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई, अयोध्या राम मंदिर में चंदे के कथित गबन और अन्य मुद्दों को लेकर विरोध जताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.