यमुनानगर: सरपंच की पत्नी की हत्या का खुलासा, बेटे और साथी गिरफ्तार

यमुनानगर। थाना साढौरा क्षेत्र के गांव श्यामपुर में सरपंच की पत्नी बलजिन्द्र कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अपराध शाखा-2 ने आरोप लगाया है कि यह हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि मृतका के बेटे गोमित राठी और उसके साथी पंकज ने मिलकर की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की रात बलजिन्द्र कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कमलदीप गोयल ने एसआईटी का गठन किया। जांच में तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की मदद से पूरी वारदात के तार जोड़े गए।
जांच में पता चला कि बलजिन्द्र कौर और उसके बेटे गोमित राठी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के चलते करीब दो साल पहले गोमित को इंग्लैंड भेज दिया गया था, लेकिन तनाव पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ।
पुलिस ने बताया कि गोमित 18 दिसंबर 2025 को किसी को बताए बिना इंग्लैंड से भारत लौटा। उसकी इस वापसी की जानकारी सिर्फ उसके साथी पंकज को थी। 24 दिसंबर की रात गोमित ने चुपचाप गांव पहुंचकर पशु घर में छिपकर बैठ गया और मौका पाकर अपनी मां पर हमला किया। पुलिस के अनुसार उसने पहले चोट पहुंचाई और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पानी की हौदी में फेंककर इसे हादसा या संदिग्ध स्थिति का रूप देने की कोशिश की। वारदात के तुरंत बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी और हत्या में इस्तेमाल किए गए सभी साधनों की बरामदगी की जाएगी। मामले की हर पहलू पर जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.