रोहतास जिले के दिनारा प्रखंड क्षेत्र के नटवार गांव से शुक्रवार को एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया। यह घटना दोस्ती, शादी और सामाजिक मर्यादाओं की सीमाओं को चुनौती देती है। शादीशुदा महिला को उसके पति के दोस्त के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया, जिसके बाद गांव में हंगामा मच गया। अंततः पति की सहमति से पंचायत ने दोनों की शादी कराई

दिल्ली में बढ़ी दोस्ती और प्रेम

जानकारी के अनुसार, नटवार का रहने वाला एक युवक अपने दोस्त के साथ दिल्ली में रहता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला रहता था। इसी दौरान युवक और उसकी दोस्त की पत्नी के बीच संपर्क बढ़ा और यह रिश्ता प्रेम में बदल गया।

महिला की शादी जून 2021 में हुई थी और उनके एक बच्चे भी हैं। शादी के बाद पति-पत्नी दिल्ली में रहने लगे, जबकि पति का दोस्त पास के किराए के मकान में रहता था और अक्सर उनके घर आया-जाया करता था।

फोन बातचीत से बढ़ा नजदीकी रिश्ता

शुरुआत में दोनों की फोन पर बातचीत होती थी, धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। होली के अवसर पर पति-पत्नी अपने गांव आए, लेकिन पति काम के सिलसिले में गुजरात चले गए। इस दौरान महिला मायके में आई और युवक भी दिल्ली से मिलने के लिए गांव पहुंच गया। दोनों लगातार मिलते रहे।

आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ाए गए

गुरुवार की देर रात जब युवक महिला से मिलने उसके घर गया, तो परिवारवालों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर हंगामा हुआ और महिला के पति व परिजनों ने युवक को पीटा। मामला बढ़ने पर गांव में रात भर पंचायत चली और दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की गई।

पति की सहमति से हुई शादी

पंचायत में मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों एक-दूसरे के साथ रहने पर अड़े रहे। पंचायत के फैसले के बाद शुक्रवार सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हनुमान मंदिर परिसर में दोनों की शादी कराई गई। मां दुर्गा को साक्षी मानकर दोनों ने वरमाला पहनाकर विवाह की रस्में पूरी की।

हैरानी की बात यह है कि महिला का पहला पति भी शादी में मौजूद था, और पंचायत ने उनकी सहमति से ही महिला की दूसरी शादी कराई। साथ ही पंचायत ने यह तय किया कि महिला का चार वर्षीय बच्चा अपनी मां के साथ रहेगा।