जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता राजीव रंजन का गुरुवार की देर शाम नई दिल्ली के मैक्स अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया।
उनके पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि स्वर्गीय रंजन वर्ष 2010 में इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे।
बाद में, 2015 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भारतीय जनता पार्टी में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता बनाया गया था। काफी दिनों तक भारतीय जनता पार्टी में रहने के बाद वर्ष 2023 में वह फिर जदयू में शामिल हो गए।
इसके बाद नीतीश कुमार ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता बना दिया। स्वर्गीय रंजन ने साल 1995 में समता पार्टी के टिकट पर इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार कृष्णबल्लभ प्रसाद यादव से पराजित हो गए।